पटना में बने नए सिक्स लेन रोड आर ब्लाक-दीघा अटल पथ पर पर मनमानी गति से चल रहे वाहनों पर लगाम कसने को अब सड़क के दोनों छोर आर ब्लाक व दीघा में पटना ट्रैफिक पुलिस 2 हाई स्पीड रडार गन के साथ अटल पथ पर उतरी। रडार गन की मदद से 500 मीटर दूर से ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की स्पीड से चल रही गाड़ियों की डिटेल्स ट्रैफिक पुलिस को मिल जा रही है। उसके बाद गाड़ियों के नजदीक आतें ही उन्हें रोका जा रहा है।
यहां तक की पुलिस लिखी कार को भी नहीं छोड़ा गया। उनसे भी 2 हजार का चालान वसूला गया। करीब दो घंटे में 46 लोगों से फाइन वसूला गया। एक्सीडेंट को रोकने के लिए अटल पथ से शुरू हुई यह मुहिम लगातार चलती रहेगी। ट्रैफिक थानेदार अशोक कुमार के अनुसार दोपहर करीब 12:15 बजे से अटल पथ पर इस अभियान की शुरुआत हुई। अब तक कई गाड़ियों को हाई स्पीड की वजह से रोका गया है और प्रति गाड़ी 2 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
इस बीच कुछ लोग ट्रैफिक पुलिस से उलझे भी। वो जुर्माना वसूल करने का विरोध कर रहे थे। मगर, उनका विरोध करना काम नहीं आया। मुहिम के दरम्यान पटना के एक बड़े डॉक्टर, रेलवे के पदाधिकारी सहित कई लोगों की गाड़ियों को हाई स्पीड की वजह से रोका गया और उनसे जुर्माना वसूला गया।