manish-sisodia

कोरोना की तेज रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए दिल्ली सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू लागू करने का ऐलान कर दिया है। दिल्ली में ओमिक्रॉन वेरिएंट के तेजी से बढ़ते केसों के मद्देनजर मंगलवार को दिल्ली-डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक में इन फैसलों पर मुहर लगाई गई। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

क्या-क्या बंद

  • पूरी दिल्ली में हर शनिवार और रविवार को दिन में भी कर्फ्यू लागू रहेगा। हर रात 11 बजे से 5 बजे की नाइट कर्फ्यू पहले से ही लागू है।
  • शनिवार-रविवार को गैर-जरूरी काम से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। अनिवार्य कामों से घर से निकलने की अनुमति होगी।
  • अनिवार्य सेवाओं को छोड़कर सभी दफ्तरों के सरकारी कर्मचारी घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करेंगे।

क्या-क्या खुला

  • बसों और मेट्रो में एक सीट छोड़कर एक सीट पर बैठने का फैसला वापस ले लिया गया। अब हर सीट पर यात्रियों के बैठने की अनुमति होगी। यानी, दिल्ली में मेट्रो और बसें पूरी क्षमता के साथ चलेंगी।
  • प्राइवेट दफ्तरों में क्षमता की आधी संख्या में ही कर्मचारियों को ही बुलाया जाएगा।
  • अनिवार्य सुविधाओं, जैसे खाना, सब्जी आदि की बिक्री नहीं रोकी जाएगी।
  • अनिवार्य सेवाओं पर पाबंदी नहीं लगाई जाएगी। इनमें अस्पताल, हेल्थ सेंटर, पुलिस, अग्निशामक और आपातकालीन सेवाएं शामिल होंगी।
  • जिला प्रशासन, सैलरी और अकाउंट ऑफिस, बिजली-पानी और साफ-सफाई से संबंधित काम प्रतिबंधित नहीं होंगे।
  • रेल, बस या हवाई यात्रा के लिए आवाजाही पर पाबंदी नहीं होगी।

कोरोना के बढ़ते हुए केसों को देखते हुए दिल्ली एम्स ने अपनी विंटर वैकेशंस यानी बची हुई छुट्टियां (5 से 10 जनवरी) तक रद्द कर दी हैं। एम्स ने लीव पर गए स्टाफ को जल्द से जल्द ड्यूटी पर लौटने को कहा है।

दिल्ली में लागू किए गए वीकेंड कर्फ्यू को लेकर राज्य के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, दिल्ली में तकरीबन 10 हजार एक्टिव केस हैं। अस्पताल में तकरीबन 350 लोग भर्ती हैं। इसमें से 124 लोग ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, जबकि 7 लोग वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने कहा कि जरूरी होने पर ही अस्पताल मे जाएं। सिसोदिया ने कहा कि आज DDMA की बैठक में निर्णय लिया गया कि शनिवार और रविवार को वीकेंड कर्फ्यू लागू किया जाएगा। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी जाती है।