रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड स्थित अमियावर गांव के पास नहर पर बने करीब 47 वर्ष पुराने लोहे के पुल की चोरी के मामले का एसआइटी ने खुलासा कर दिया। प्रेसवार्ता में एसपी आशीष भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि एसआइटी ने पुल की चोरी में प्रयुक्त एक जेसीबी, एक पिकअप, दो गैस सिलिंडर, दो गैस कटर, पुल के लोहे के 10 गाटर (करीब 247 किलो) और 3100 रुपये नकद बरामद किये हैं।
इस कांड को जल संसाधन विभाग के एसडीओ के इशारे पर ही अंजाम दिया गया था। इसमें नहर अवर प्रमंडल, नासरीगंज के एसडीओ, मौसमी कर्मचारी, चार कबाड़ीवाले, एक वाहन मालिक व एक राजद नेता को गिरफ्तार किया गया है। दरसल चोरी किए लोहे के पुल को सिंचाई विभाग के एसडीओ और राजद के प्रखंड अध्यक्ष ने मिलकर बेच दिया था।
रोहतास के एसपी आशीष भारती ने बताया कि इस मामले में एसआईटी का गठन किया गया था। जिसकी मॉनिटरिंग वह खुद कर रहे थे। इसी क्रम में अनुसंधान के दौरान जानकारी मिली कि चोरी किए गए सामान को नासरीगंज थाना अंतर्गत अमियावर धर्मकांटा पर वजन कराया गया है तथा सिचाईं विभाग के कर्मचारी अरविंद कुमार की देखरेख में जर्जर पुल के अवशेष को कटवाया गया है। एसपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान चोरी की घटना में संलिप्त सोन नहर अवर प्रमंडल नासरीगंज के एसडीओ राधेश्याम सिंह जो जिला कैमूर के रहने वाले हैं। उनके इशारे पर पूरी घटना को अंजाम दिया गया है, तथा इसमें स्थानीय अमियावर गांव के राजद नेता शिव कल्याण भारद्वाज के द्वारा अपराधियों से दस हजार लेकर इस कांड को अंजाम दिया गया।











































