narendra modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) 18 अप्रैल से 20 अप्रैल तक गुजरात (Gujarat) के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान पीएम गांधीनगर, बनासकांठा, जामनगर और दाहोद में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह राष्ट्र को कई सारी सौगात समर्पित करेंगे और कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के साथ-साथ उद्धाटन भी करेंगे। वह गांधीनगर में स्कूलों के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का दौरा करेंगे और अगले दिन वह राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री बनासकांठा के दियोदर में बनास डेयरी संकुल (Banas Dairy Sankul) में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह नया डेयरी कॉम्प्लेक्स एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है। यह लगभग 30 लाख लीटर दूध के प्रोसेसिंग को सक्षम करेगा, लगभग 80 टन मक्खन, एक लाख लीटर आइसक्रीम, 20 टन कंडेंस्ड दूध (खोया) और 6 टन चॉकलेट प्रतिदिन का उत्पादन करेगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जामनगर में WHO के सहयोग से बन रहे आयुर्वेदिक केंद्र की आधारशिला रखेंगे।

वह गांधीनगर में वैश्विक आयुष निवेश और नवाचार शिखर सम्मेलन (Global AYUSH Investment & Innovation Summit) का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री और WHO के महानिदेशक भी मौजूद रहेंगे। यह शिखर सम्मेलन निवेश क्षमता को उजागर करने में मदद करेगा और नवाचार, अनुसंधान तथा विकास, स्टार्ट-अप, इको सिस्टम और कल्याण उद्योग को बढ़ावा देगा। वहीं, दाहोद में प्रधानमंत्री आदिजाति महा सम्मेलन (Adijati Maha Sammelan) में भाग लेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

Join Telegram

Join Whatsapp