भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और गायक पवन सिंह (Pawan Singh) ने अपनी पत्नी ज्योति सिंह (Jyoti Singh) से तलाक के लिए आरा कोर्ट में अर्जी दी है। आरा फैमिली कोर्ट में गुरुवार को सुपर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह पहुंचीं, लेकिन पवन सिंह नहीं पहुंच सके। जानकारी के मुताबिक कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने दी है।
आरा फैमिली कोर्ट में पवन सिंह की पत्नी की पेशी हुई जिसके बाद जज ने 26 मई को पेशी की अगली तारीख तय की है। जानकारी के अनुसार पवन सिंह ने पिछले वर्ष नौ अक्टूबर 2021 को तलाक की अर्जी दाखिल की थी। लेकिन मामला अब सामने आया है। ज्योति सिंह कई महीने से मायके में रह रही हैं।
मालूम हो कि पवन सिंह की ये दूसरी शादी है। पहली पत्नी नीलम की मौत (आत्महत्या) के बाद पवन सिंह का नाम अक्षरा सिंह (एक्ट्रेस) से भी खूब जुड़ा, लेकिन इस बीच पवन सिंह ने ज्योति सिंह नाम की लड़की से दूसरी शादी की थी। इस शादी के बाद अक्षरा और पवन सिंह का विवाद मीडिया में काफी दिनों तक सुर्खियों में रहा था और अक्षरा सिंह ने कई संगीन आरोप पवन सिंह पर लगाए थे।
पवन सिंह ने यूपी के बलिया की रहने वाली ज्योति सिंह से छह मार्च 2018 को शादी की थी। बलिया के चितबड़ागांव में एनएच 31 किनारे स्थित होटल में पवन सिंह अपने पैतृक गांव आरा के जोकहरी गांव से बरात लेकर पहुंचे थे। वहां दोनों ने सात फेरे लिए थे।










































