रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) और रिलायंस एंटरटेनमेंट (Reliance Entertainment) ने मुंबई के टॉप पुलिसकर्मियों में से एक और मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त, राकेश मारिया (Rakesh Maria) पर एक बायोपिक का निर्माण करने के लिए हाथ मिलाया है। यह बायोपिक मारिया के 2020 के संस्मरण “लेट मी से इट नाउ” (Let Me Say it Now) पर आधारित होगी।
इस बात की जानकारी देते हुए रिलायंस एंटरटेनमेंट ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “रोहित शेट्टी और रिलायंस एंटरटेनमेंट मुंबई के पूर्व टॉप कॉप राकेश मारिया की बायोपिक का निर्माण करेंगे।” इसके साथ ही दो तस्वीरें भी साझा की गयी हैं, जिसमें से एक में रोहित शेट्टी हाथ में बुक लिए राकेश मारिया के साथ दिख रहे हैं। वहीं, दूसरे में सिर्फ बुक की तस्वीर है। यह बायोपिक मारिया के कुशल करियर के अनुभवों पर आधारित होगी और इसका निर्देशन खुद मशहूर फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी करेंगे।
1993 में पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) के रूप में, मारिया ने बॉम्बे सीरियल ब्लास्ट केस का पर्दाफाश किया। वह बाद में पुलिस उपायुक्त (क्राइम) और फिर मुंबई पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) थे। मारिया ने 2003 गेटवे ऑफ इंडिया और जावेरी बाजार दोहरे विस्फोट मामले को सुलझाया। उन्हें 2008 में 26/11 के मुंबई हमलों की जांच की जिम्मेदारी भी दी गई थी और जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब से पूछताछ की।










































