केरल (Kerala) में मंकीपॉक्स (Monkeypox) जैसे लक्षणों वाले एक व्यक्ति की मौत के बाद त्रिशूर (Thrissur) में बीस लोगों को क्वारंटाइन (Quarantine) किया गया है। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने इस बात की भी पुष्टि की कि मृतक परिवार के सदस्यों और दोस्तों सहित “केवल 20 लोगों” के संपर्क में आया था। त्रिशूर के पुन्नयूर (Punnayur) गांव के पंचायत सदस्यों ने भी मौत के बाद की स्थिति और उसके बाद किए जाने वाले उपायों पर चर्चा करने के लिए एक बैठक की।
शिक्षा और स्वास्थ्य स्थायी समिति के सदस्य रेंजिनी ने कहा, “स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है, अभी यहां किसी तरह की दहशत की बात नहीं है। उस व्यक्ति का परिवार के सदस्यों और कुछ दोस्तों सहित केवल 10 लोगों से सीधा संपर्क था। अब तक 20 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है।” कथित मंकीपॉक्स से एक युवक की मौत को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने पुन्नयूर में बैठक बुलाई है। इस बीच, मृतक युवक की संपर्क सूची और रूट मैप तैयार कर लिया गया है। संपर्क में आए लोगों को आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है।
भारत ने अब तक मंकीपॉक्स के पांच मामले दर्ज किए हैं, जिनमें से तीन मामले केरल से हैं, एक दिल्ली से है और एक आंध्र प्रदेश के गुंटूर से है। इसके बाद, केंद्र सरकार अलर्ट पर है, जबकि कुछ अन्य देशों में संक्रमण की संख्या बढ़ गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, 78 देशों से 18,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।