त्योहारों के सीजन के बीच आम जनता पर महंगाई की मार पड़ी है। अमूल (Amul) के बाद अब मदर डेयरी (Mother Dairy) ने झटका दिया है। दरअसल, मदर डेयरी ने लागत बढ़ने के कारण आज से दिल्ली-एनसीआर में फुल क्रीम दूध और गाय के दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। फुल-क्रीम दूध की कीमत अब 63 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि गाय का दूध अब 55 रुपये प्रति लीटर पर उपलब्ध होगा।
मदर डेयरी के प्रवक्ता ने कहा, “डेयरी उद्योग कच्चे दूध की कीमतों में लगातार वृद्धि का अनुभव कर रहा है, जो कि पिछले दो महीनों में लगभग 3 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई है, विभिन्न इनपुट लागतों में कई गुना वृद्धि के कारण। इसलिए हम किसानों को समर्थन देने और उपभोक्ताओं के लिए गुणवत्तापूर्ण दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कीमतों में संशोधन करने के लिए मजबूर हैं। उपभोक्ताओं पर इस प्रभाव को सीमित करने के हमारे प्रयास में, हम केवल फुल-क्रीम और गाय के दूध के वेरिएंट की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर रहे हैं। इन दो प्रकारों में संशोधन 16 अक्टूबर, 2022 से प्रभावी है।”
मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर बाजार में एक प्रमुख दूध सप्लायर है और प्रति दिन 30 लाख लीटर से अधिक पॉली पैक और वेंडिंग मशीनों के माध्यम से बेचती है। मदर डेयरी द्वारा इस साल तीसरी बार कीमतों में वृद्धि हुई है। मदर डेयरी ने मार्च में दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। वहीं, कंपनी ने अगस्त के मध्य में भी दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।










































