व्हाइट हाउस (White House) ने अब तक के सबसे बड़े दिवाली समारोह की मेजबानी (Diwali Reception) की, जिसमें बिडेन प्रशासन से कई भारतीय अमेरिकियों की उपस्थिति भी देखी गई। व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित दिवाली समारोह में कुछ आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम देखे गए, जिसके मेजबान खुद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन (Jill Biden) थीं। साड़ी, लहंगा और शेरवानी जैसे पारंपरिक भारतीय परिधानों में सजे मेहमानों ने भारतीय व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने के लिए एक स्वागत समारोह के दौरान कहा, “हम आपकी मेजबानी करके सम्मानित महसूस कर रहे हैं। व्हाइट हाउस में इस पैमाने का यह पहला दिवाली रिसेप्शन है। हमारे पास इतिहास में पहले से कहीं अधिक एशियाई अमेरिकी हैं और दिवाली उत्सव को अमेरिकी संस्कृति का एक आनंदमय हिस्सा बनाने के लिए हम आपको धन्यवाद देना चाहते हैं।”
इसके अलावा, अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस (Kamala Harris) ने भी दिवाली समारोह के अवसर पर व्हाइट हाउस से टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “व्हाइट हाउस लोगों का घर है और हमारी राष्ट्रपति और प्रथम महिला ने मिलकर इस जगह को बनाया है जहां हर अमेरिकी अपने सम्मान और परंपरा का जश्न मना सकता है। आज रात बाइडेन प्रशासन दुनिया भर में 1 अरब से अधिक लोगों को ‘दीया’ जलाने और बुराई पर अच्छाई, अज्ञान पर ज्ञान और अंधेरे पर प्रकाश की लड़ाई का जश्न मनाने के लिए शामिल करता है।”
व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की शुरुआत जॉर्ज बुश प्रशासन के दौरान हुई थी। व्हाइट हाउस का ईस्ट रूम एक ऐसी जगह है, जो भारत-अमेरिका संबंधों से जुड़ी कुछ ऐतिहासिक घटनाओं का गवाह रहा है, जहां परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर भी हुआ था।