bihar_cabinet
bihar_cabinet

नीतीश कैबिनेट में शामिल हुए 17 मंत्रियों में 11 नए चेहरे हैं। पहली बार राज्य कैबिनेट का हिस्सा बने मंत्रियों में सबसे कम उम्र के मंत्री जयंत राज हैं। इनकी उम्र महज 35 वर्ष हैं। पहली बार मंत्री बननेवालों में नारायण प्रसाद सबसे उम्रदराज हैं। भले ही वह तीसरी बार विधानसभा पहुंचे हैं पर 63 वर्ष की उम्र में उन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिली है। हालांकि मंगलवार को शपथ लेनेवालों में सबसे उम्रदराज मंत्री श्रवण कुमार हैं। उनकी उम्र 64 वर्ष है। मंत्री परिषद में शामिल होने वाले नए मंत्रियों में सर्वाधिक 14 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति के स्वामी नीरज कुमार बबलू हैं। जबकि सबसे कम 30 लाख रुपये की संपत्ति मो. जमा खान के पास है। 

हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा आम चुनाव के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष इनके द्वारा अपनी संपत्तियों का ब्यौरा दाखिल किया गया था। इसके अनुसार जयंत राज के पास भी एक करोड़ से कम की संपत्ति है। इनके पास  61 लाख 67 हजार 889 रुपये की चल-अचल संपत्ति है। वहीं, तीन नए मंत्रियों के पास 5 से 10 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इनमें शामिल संजय झा व सम्राट चौधरी बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। जबकि सुनील कुमार भोरे (सु) विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। जानकारी के अनुसार संजय झा के पास 08 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति हैं, तो सम्राट चौधरी के पास 7 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं, सुनील कुमार के पास 06 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है।

राज्य के 11 नए मंत्रियों के पास 1 से 5 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। इनमें शामिल शाहनवाज हुसैन के पास 3.92 करोड़ की संपत्ति हैं। जिसमें 22,78,145 रुपये की चल संपत्ति व 3,70,00,000 रुपये की अचल संपत्ति शामिल हैं। वहीं, श्रवण कुमार के पास 2.39 करोड़, मदन सहनी के पास 2.02 करोड़, प्रमोद कुमार के पास 3.83 करोड़, लेसी सिंह के पास 2.53 करोड़, सुभाष सिंह के पास 2.17 करोड़, नितिन नवीन के पास 1.74 करोड़, सुमित कुमार सिंह के पास 3.68 करोड़, नारायण प्रसाद के पास 1.76 करोड़, आलोक रंजन के पास 4.15 करोड़ एवं जनक राम के पास 1.06 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है।