बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस (Jacqueline Fernandez) की आज दिल्ली के स्पेशल कोर्ट (Special Court) में 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुनवाई हुई। जिसमें आज जैकलीन की बेल पर फैसला होना था। लेकिन एक लंबे डिस्कशन के बाद दिल्ली कोर्ट ने इस मामले में कहा कि वे अब फैसला कल (11 नवंबर) सुनाएंगे।
जैकलीन के वकील ने ई टाइम्स मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘ईडी की शिकायत दर्ज होने के बाद जैकलीन को दिल्ली कोर्ट के सामने पेश होना पड़ा। कोर्ट ने पेशी की पहली तारीख को ही जैकलीन को अंतरिम जमानत दे दी थी। वहीं आज एक्ट्रेस की ओर से दायर जमानत अर्जी पर आज अंतिम सुनवाई के लिए मामला रखा गया था। ईडी ने जमानत अर्जी का विरोध किया था। इसके बाद हमने उनकी जमानत के लिए भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब फैसला कल सुनाया जाएगा।’
मीडिया रिपोर्ट्स से मिल रही जानकारी के अनुसार कोर्ट में ईडी की ओर से और जैकलीन की ओर से काफी बहसबाजी देखने को मिली है। एक ओर जहां ईडी ने आरोप लगाया कि जैकलीन सपोर्ट नहीं कर रही हैं तो दूसरी ओर जैकलीन के वकील ने कहा कि वो पांच बार बयान दर्ज करवा चुकी हैं। वहीं सुकेश से मिले महंगे गिफ्ट्स पर एक्ट्रेस के वकील ने कहा कि सेलेब्स को अक्सर गिफ्ट्स मिलते हैं, ऐसे में कौन-सा किसने दिया और किस पैसे से दिया इस बारे में पूरी जानकारी नहीं होती है।
जानकारी के अनुसार इस पर कोर्ट ने कहा कि तो क्या आप किसी से भी कितने महंगे तोहफे ले लेती हैं? ईडी ने ये भी कहा कि आरोप लगाया कि जैकलीन विदेश भागने की फिराक में हैं, जिस पर एक्ट्रेस के पक्ष से कहा गया कि उन्हों तो खुद ही कोर्ट में सरेंडर किया तो भागने का सवाल ही नहीं बनता है।
आपको बता दें कि इससे पहले बीते 26 सितंबर को जैकलीन को कोर्ट ने 50 हजार रुपये के मुचलके पर अंतरिम जमानत दी थी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी सप्लिमेंट्री चार्जशीट में जैकलीन फर्नांडिस को आरोपी बनाया था। इससे पहले कोर्ट में जैकलीन भी अपनी जमानत याचिका पर सुनवाई की पेशी के दौरान मौजूद रही थीं। तब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनकी जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया था।
ईडी ने कहा था कि जैकलीन ने जांच में कभी सहयोग नहीं किया। जब जांच में सबूत सामने आ गए तब उन्होंने खुलासा किया। ईडी का जैकलीन पर आरोप है कि उन्होंने सबूतों से छेड़छाड़ की थी। उन्होंने अपने मोबाइल का डेटा डिलीट कर दिया था। यही नहीं वह जांच के दौरान देश छोड़ने की कोशिश में भी थीं। एलओसी जारी होने की वजह से वह सफल नहीं हो पाईं।
इधर आपको बता दें कि जैकलीन पर यह आरोप है कि वह सुकेश चंद्रशेखर की गतिविधियों के बारे में जानती थीं। इन सबके बावजूद वह उनके साथ रहीं। जैकलीन ने सुकेश से करीब 7 करोड़ की कीमत के महंगे गिफ्ट लिए थे। इनमें लग्जरी वस्तुएं शामिल थीं। केवल जैकलीन ही नहीं सुकेश ने उनके परिवार की भी आर्थिक रूप से मदद की थी। उनके अलावा मामले में नोरा फतेही का भी नाम सामने आया है। दोनों अभिनेत्रियों का नाम ईडी की पहली चार्जशीट में गवाह के तौर पर शामिल था। लेकिन बाद में जैकलीन को मामले में गवाह से आरोपी बना दिया गया।













































