बिहार में कोरोना वायरस की चपेट में अब आम लोग ही नहीं बल्कि खास भी आने लगे हैं। बीजेपी के एमएलसी टुन्ना पांडेय व बड़हड़िया विधायक बच्चा पांडेय के भाई 39 वर्षीय धनंजय पांडेय की कोरोना से मौत हो गई है।
धनंजय पांडेय की तबीयत अचानक खराब हुई थी। इसके बाद भाई बड़हरिया विधायक बच्चा पांडेय व भतीजा शक्ति सुंदरम के साथ धनजंय पांडेय ने सीवान में 24 अप्रैल को कोरोना का एन्टीजन टेस्ट करवाया। जांच में धनंजय पांडेय, बच्चा पांडेय व शक्ति सुंदरम तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पॉजिटिव आने के बाद तीनों होम क्वारन्टीन हो गए। घर पर हीं तीनों को इलाज शुरू हुआ। इस दौरान बच्चा पांडेय व शक्ति की तबीयत ठीक हो गई। लेकिन धनंजय के तबीयत में कोई सुधार होता नहीं देख बीजेपी एमएलसी टुन्नाजी पांडेय ने गोरखपुर में इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रविवार के रात डेढ़ बजे
उनकी मौत हो गई। इधर मौत की खबर सुन एमएलसी के पैतृक गांव नेतवार में सन्नाटा पसर गया। वहीं परिजनों को सांत्वना देने के लिए लोगों का सुबह से ही तांता लगा है।
उत्तर बिहार में कोरोना से 39 लोगों की मौत
उत्तर बिहार में रविवार को कोरोना ने 39 लोगों की जान ले ली। सबसे अधिक 15 लोगों की मौत मुजफ्फरपुर में हो गई। इनमें 10 एसकेएमसीएच और पांच लोगों की मौत शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में हो गई। दरभंगा जिले में चार लोगों की मौत डीएमसीएच में हो गई जबकि तीन लोगों की मौत निजी अस्पतालों में हो गई। बेतिया मेडिकल कॉलेज में आठ लोगों की मौत कोरोना से हो गई। इनमें सात पश्चिमी चंपारण औरर एक व्यक्ति पूर्वी चंपारण के रहने वाले थे। समस्तीपुर में रेलवे और अन्य सरकारी अस्पतालों में आठ लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा मधुबनी में एक व्यक्ति की मौत कोरोना से हो गई।
पटना में 29 लोगों की मौत, 1646 संक्रमित
पटना में रविवार को 1746 नए कोरोना संक्रमित मिले जबकि 29 लोगों की मौत हो गई। इनमें 12 की मौत एम्स में, आठ की पीएमसीएच में, छह की एनएमसीएच में जबकि तीन की मौत आईजीआईएमएस में हुई। एम्स में मरनेवाले में पटना के नौ जबकि पीएमसीएचम में मरनेवालों सभी आठ पटना के निवासी थे। अब कुल संक्रमितों की संख्या एक लाख 25 हजार 564 हो गई है। अबतक 102026 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं एक्टिव संक्रमितों की संख्या 22589 हो गई है। एम्स में रविवार को कुल 24 नए संक्रमित भर्ती हुए जबकि 26 लोग स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए। वहीं पीएमसीएच में कुल 91 संक्रमित भर्ती हैं।














































