banners and posters
banners and posters

पटना में अवैध तरीके से लगाए गए बैनर पोस्टर को शुक्रवार को हटाने गए कर्मचारियों को लोजपा कार्यालय के पास कुछ लोगों ने बंधक बना लिया। बात इतनी बिगड़ गई थी कर्मचारियों ने जान का खतरा देते हुए इसकी सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को दी। मौके पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल पहुंच करके दोनों कर्मचारियों को मुक्त कराया।

राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए शहर में जगह-जगह बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। जिला प्रशासन को शिकायत मिली थी कि इसमें से कुछ पोस्टर के ऊपर राजनीतिक दल एवं सामाजिक संगठनों द्वारा अपना बैनर और पोस्टर लगा दिया गया है। शुक्रवार को जो कर्मचारी हार्डिंग रोड की ओर से बैनर और पोस्टर हटाने के बाद एयरपोर्ट रोड में कुछ जगहों पर बैनर और पोस्टर हटा रहे थे। इसी बीच लोजपा कार्यालय के पास एक बैनर हटाने को लेकर कर्मचारियों और कुछ लोगों के बीच बहस हो गई। 

स्थानीय लोगों द्वारा बैनर नहीं हटाने का दबाव बनाया जाने लगा, लेकिन कर्मचारी नहीं माने इस पर दोनों कर्मचारियों को लोगों ने बंधक बना लिया। एक कर्मचारी ने इसकी सूचना अपने मोबाइल से जिला नियंत्रण कक्ष को दी। जिला नियंत्रण कक्ष मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। मजिस्ट्रेट ने लोगों पर प्राथमिकी दर्ज और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की धमकी दी। उसके बाद दोनों कर्मचारियों को छोड़ दिए, इसके बाद मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में आसपास के इलाके में बैनर और पोस्टर हटाए गए।