कुशीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अन्य विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। ये कॉलेज लगभग 281 करोड़ रुपये की लागत से बना है। इस मेडिकल कॉलेज में 460 की क्षमता का छात्रावास तथा 500 बेड का सभी सुविधाओं से युक्त अस्पताल भी होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, “कुशीनगर में इस मेडिकल कॉलेज के साथ, डॉक्टर बनने या गुणवत्तापूर्ण मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थानीय आकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तकनीकी शिक्षा अपनी ही भाषा में प्राप्त करने की संभावना हकीकत बनती जा रही है। उन्होंने ये भी कहा की केंद्र सरकार ने स्वामीत्व योजना शुरू की है जो भविष्य में उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में समृद्धि के नए द्वार खोलने जा रही है।”
इसके अलावा कुशीनगर में करीब 181 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास व लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं में गंडक नदी पर बाढ़ सुरक्षा की आठ परियोजनाएं, स्वदेश दर्शन योजना में बौद्ध सर्किट योजनांतर्गत पर्यटन विकास, राजकीय महाविद्यालय सुकरौली का निर्माण, नवीन संकेत मूक बधिर राजकीय बालिका आवासीय विद्यालय का निर्माण, कसया-रामकोला व रामपुर खुर्द, कोटवा, घुघली मार्ग का चौड़ीकरण तथा सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल है।










































