vaccination

आज का दिन बेहद ही खास है, आज भारत ने एक इतिहास रच दिया है। भारत ने आज कोरोनावायरस महामारी के खिलाफ अपनी लड़ाई में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल कर लिया, क्योंकि इसने 100 करोड़ कोविड टीकाकरण का आंकड़ा पार कर लिया है। इसमें पहली और दूसरी खुराक दोनों शामिल है। 70 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है जबकि 29 करोड़ लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है।

इस बात की बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने ट्वीटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “भारत ने इतिहास रच दिया है। हम 130 करोड़ भारतीयों की भारतीय विज्ञान, उद्यम और सामूहिक भावना की विजय देख रहे हैं। 100 करोड़ टीकाकरण पार करने पर भारत को बधाई। हमारे डॉक्टरों, नर्सों और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए काम करने वाले सभी लोगों का आभार।”

भारत को 10 करोड़ टीकाकरण का आंकड़ा छूने में 85 दिन लगे, 20 करोड़ के आंकड़े को पार करने में 45 दिन और 30 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में 29 दिन और लगे। सबसे ज़्यादा डोज देने वाले टॉप पांच राज्य उत्तर प्रदेश हैं, इसके बाद महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात और मध्य प्रदेश हैं। हेल्थ केयर वर्कर्स को पहले चरण में टीका लगाया गया, फिर दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण हुआ। COVID-19 टीकाकरण के अगले चरण में 45 वर्ष से अधिक को टिका लगाया गया। इसके बाद सरकार ने 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को टीकाकरण की अनुमति देकर अपने टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का फैसला किया।