उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections) के तीसरे चरण (Third Phase) के लिए नामांकन शुरू हो गया है और राज्य में कांग्रेस (Congress) को लगातार झटके लग रहे हैं। जानकारी के अनुसार पूर्व केंद्रीय मंत्री और राहुल गांधी की टीम में प्रमुख चेहरा रहे आरपीएन सिंह BJP का दामन थाम सकते हैं।
बताया जा रहा है कि बीजेपी आरपीएन सिंह को कुशीनगर से प्रत्याशी बना सकती है। वहीं अगर आरपीएन सिंह बीजेपी में जाते हैं तो ये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए बड़ा झटका होगा। दिलचस्प यह है कि एक दिन पहले ही कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की जो लिस्ट जारी की है उसमें आरपीएन सिंह का भी नाम है। पडरौना राजघराने से आने वाले आरपीएन के जरिए बीजेपी एक तीर से दो निशाना साधने जा रही है। बीजेपी उन्हें स्वामी प्रसाद मौर्या के खिलाफ पडरौना से उतार सकती है। हालांकि, स्वामी के टिकट की घोषणा अभी नहीं हुई है।
आरपीएन सिंह
आरपीएन सिंह को यूपी के पडरौना का राजा साहब भी कहा जाता है और ये इलाका राज्य के कुशीनगर जिले के अंतर्गत आता है। वहीं आरपीएन सिंह 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर कुशीनगर से लड़े थे। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वह केन्द्र में मंत्री भी रहु चुके हैं। आरपीएन के पिता कुंवर सीपीएन सिंह कुशीनगर से सांसद रह चुके हैं और वह 1980 में इंदिरा गांधी मंत्रिमंडल में रक्षा राज्य मंत्री भी थे। वहीं लोकसभा चुनाव जीतने से पहले आरपीएन सिंह यूपी विधानसभा के सदस्य भी रह चुके हैं।