अपने जन्मदिन पर बॉलीवुड के ग्रीक गॉड ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) ने अपने फैंस को गिफ्ट दिया है। दरअसल, उन्होंने विक्रम वेधा (Vikram Vedha) फिल्म से अपना फर्स्ट लुक जारी किया। इस फिल्म में ऋतिक, वेधा का किरदार निभा रहे हैं। इस तस्वीर में उन्हें कुर्ता पहने और टेढ़ी-मेढ़ी दाढ़ी और बिखरे बाल रखे हुए दिखाया गया है। उनके चेहरे और छाती पर खून के धब्बे भी दिख रहे हैं।
ऋतिक गैंगस्टर, वेधा की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि सैफ अली खान (Saif Ali Khan) पुलिस अधिकारी, विक्रम के रूप में दिखाई देंगे। राधिका आप्टे (Radhika Apte) और रोहित सराफ (Rohit Saraf) भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म इसी नाम से बनी तमिल ब्लॉकबस्टर की रीमेक है जिसमें आर. माधवन (R Madhavan) और विजय सेतुपति (Vijay Sethupathi) मुख्य भूमिका में थे। पुष्कर (Pushkar) और गायत्री (Gayathri), जिन्होंने मूल विक्रम वेधा का निर्देशन किया था, रीमेक को भी निर्देशित करेंगे।
यह एक थ्रिलर फिल्म है, जो की विक्रम और बेताल की लोककथा से प्रेरित है। इस फिल्म एक सख्त पुलिस अधिकारी की कहानी बताती है जो एक समान रूप से सख्त गैंगस्टर का पता लगाने और उसे मारने के लिए निकल पड़ता है। फिर गैंगस्टर के अपनी इच्छा से आत्मसमर्पण करने और उसे तीन कहानियाँ सुनाने के बाद पुलिस की अच्छाई और बुराई के बारे में धारणा बदल जाती है।