Killi Paul

तंजानिया (Tanzania) के किली पॉल (Killi Paul) एक इंटरनेट सनसनी है और इसमें कोई संदेह नहीं है। बॉलीवुड गानों पर लिप-सिंकिंग और डांस करने के उनके वीडियो को खूब सराहा गया है। उनके वीडियोज को लाखों-करोड़ों लोग देखते हैं। वो अपनी बहन नीमा पॉल (Neema Paul) के साथ भी भारतीय गीतों पर लिप-सिंक करते हुए नज़र आते हैं। एक बार फिर किली पॉल चर्चा में आ गए हैं, पर इस बार कारण उनके वीडियो नहीं बल्कि कुछ और ही हैं। दरअसल, किली पॉल पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चाकू से हमला किया गया है। इसके अलावा उन्हें लाठी डंडों से पीटा भी गया है।

किली पॉल ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी पर डिटेल साझा किया। उन्होंने लिखा, “मुझपर 5 लोगों ने अटैक किया और खुद को बचाने के दौरान चाकू से मेरा हाथ जख्मी हो गया। मुझे 5 टांके लगे और मुझे लाठी और क्लबों से पीटा गया, लेकिन भगवान का शुक्र है कि मैंने सही समय पर खुद को लिया। दो लोगों को पीटने के बाद वो भाग निकले लेकिन मैं तब तक घायल हो चूका था। मेरे लिए प्रार्थना करें।”

हालाँकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि उन पर हमला करने वाले लोग कौन थे और हमले के पीछे का कारण क्या था। बता दें कि कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में तंजानिया के सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर भाई-बहन की जमकर सराहना की थी। इस बीच, फरवरी में तंजानिया में भारतीय हाई कमीशन द्वारा किली पॉल को सम्मानित किया गया था।

Join Telegram

Whatsapp