सिवान के पूर्व सांसद और बाहुबली दिवगंत मो. शहाबुद्दीन का परिवार आये दिन सुर्खियों में रहता है। इस बार सुर्ख़ियों में रहने का विषय राजनीति और उनके घर की शादी नहीं है, बल्कि दिवगंत मो. शहाबुद्दीन के परिवार के ऊपर बन रहा एक वेब सीरीज है। जिसकी शूटिंग लखनऊ में चल रही है। इस वेब सीरीज का नाम ‘रंगबाज’ (Rangbaaz) है। ऐसा दवा किया जा रहा है कि इस वेब सीरीज में फिमेल कैरेक्टर दिवंगत सांसद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब से प्रेरित है। अब हिना शहाब ने इसके मेकर्स को चेतावनी दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हिना शहाब का कहना है कि अगर इजाजत के बगैर उनके पति के जीवन पर आधारित या प्रेरित फिल्म, बेब सीरीज/टीवी शो का निर्माण करता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी। दिवंगत मो. शहाबुद्दीन के मित्र अजय तिवारी ने मीडिया को बताया है कि उनकी पत्नी हिना शहाब ने पिछले 5 जनवरी 2022 को अपने लेटर पैड पर लिख कर एक पत्र जारी कर कहा है की मैंने मेरे पति के जीवन पर आधारित अथवा प्रेरित किसी भी प्रकार की फिल्म/वेब सीरीज/टीवी शो बनाने का अधिकार किसी को नहीं दिया है। अगर कोई व्यक्ति चैनल/ओटीटी ऐसी किसी भी सामग्री का निर्माण करता है अथवा अधिकार का दावा करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पत्र के जारी करने के बाद बिना अनुमति के वेब सीरीज जारी करने वाले प्रोड्यूसरों में खलबली मच गई है। जिसके बाद दिवगंत शहाबुद्दीन का परिवार सुर्ख़ियों में बना हुआ है।
बता दें कि दिवंगत पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब की जिंदगी से प्रेरित है महिला किरदार को एक्ट्रेस आकांक्षा सिंह निभा रही हैं। आपको बता दें कि इससे पहले बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर आई वेब सीरीज ‘महारानी’ भी खूब चर्चा में रही थी। जिसमें हुमा कुरैशी ने लीड भूमिका निभाई थी। राजनीतिक कार्यकर्ता से लेकर आम लोगों तक यह वेब सीरीज काफी चर्चा में रही थी।
‘रंगबाज’, सीरीज को लेकर आकांक्षा सिंह से बात हुई तो उन्होंने बताया कि वो इस किरदार को पूरे दम के साथ पर्दे पर निभाने में लगी हुई हैं। आकांक्षा का कहना है कि इस सीरीज को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने अपने पुरे करियर में इस तरह का रोल पहले कभी नहीं निभाया है।









































