विवेक अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) के निर्देशन वाली फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को दर्शकों द्वारा अभी भी खुब प्यार मिल रहा है। 1990 में कश्मीरी पंडितों के पलायन पर आधारित द कश्मीर फाइल्स में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जो अक्सर नहीं देखी गई थी। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) की फिल्म जितनी हिट हुई उतना ही विवादों में भी घिरी रही। कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक विचारधारा वाली फिल्म तो कुछ ने मुस्लिम विरोधी फिल्म कहा। इसी बीच अब विकीपीडिया (Wikipedia) के पेज पर फिल्म को लेकर कुछ ऐसा लिखा गया, जिस पर डायरेक्टर ने नाराजगी जाहिर की है।
दरअसल विकीपीडिया पर फिल्म के बारे में लिखा है, ‘द कश्मीर फाइल्स साल 2022 की एक भारतीय हिंदी भाषा की ड्रामा फिल्म है जिसे विवेक अग्निहोत्री ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म में कश्मीर के विवादित इलाके से कश्मीरी हिंदुओं के विस्थापन की काल्पनिक कहानी दिखाई गई है। फिल्म में 1990 के शुरू में हुए विस्थापन को सामूहिक नरसंहार दिखाया है जिसके बारे में ज्यादातर ऐसा सोचा जाता है कि यह गलत है और षडयंत्र पर बनी थियरीज पर आधारित है।’
विकीपीडिया पर फिल्म के बारे में दी गई इस समरी पर डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने इसका स्क्रीनशॉट टैग करते हुए लिखा, ‘प्रिय विकीपीडिया, आप इसमें इस्लामोफोबिया, प्रोपेगैंडा, संघी और कट्टर जैसे शब्द जोड़ना भूल गए हैं। आप अपनी धर्मनिरपेक्ष पहचान खोते जा रहे हैं। जल्दी इसे और एडिट करें।’