यूक्रेन पर रूस के हमले की आशंका से कच्चे तेल में उबाल आ गया है। Brent क्रूड गुरुवार शाम 105 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चला गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 8.24 डॉलर या 8.5% बढ़कर 105.08 डॉलर प्रति बैरल हो गया। वहीं यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 7.78 डॉलर या 8.5% उछलकर 99.88 डॉलर पर पहुंच गया।
अगस्त और जुलाई 2014 के बाद ब्रेंट और डब्ल्यूटीआई का यह उच्चतम स्तर है। गुरुवार सुबह जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में सैन्य अभियान की घोषणा की तो तेल की कीमतें 7 साल में पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल से अधिक हो गई थीं। शाम तक यह और बढ़ गईं।
पुतिन के ऐलान के बाद ब्रेंट क्रूड बढ़कर 100.04 डॉलर प्रति बैरल हो गया, क्योंकि पूर्वी यूरोप में बड़े पैमाने पर संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ी है। वहीं WTI 95.54 डॉलर हो गया है। कीमतें तब उछलीं जब पुतिन ने टीवी पर सैन्य कार्रवाई का ऐलान किया। उन्होंने कहा-मैंने एक सैन्य अभियान का निर्णय लिया है। उन्होंने यूक्रेन की सेना से हथियार डालने का भी आह्वान किया।