इंडोनेशिया (Indonesia) में जकार्ता (Jakarta) इस्लामिक सेंटर ग्रैंड मस्जिद (Islamic Centre Grand Mosque) का विशाल गुंबद (Giant Dome) भीषण आग लगने के बाद ढह गया। हालांकि, इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो फुटेज में मस्जिद के गुंबद के ढहने से ठीक पहले से आग की लपटें और धुआं निकलता दिख रहा है। हालाँकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
इंडोनेशिया के मीडिया के अनुसार यह घटना बुधवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 3 बजे हुई। गुंबद में मरम्मत का काम चल रहा था। उसी समय अचानक से आग लग गई। आग लगने की सूचना दमकलकर्मियों को दी गई, और कम से कम दस दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया।
पुलिस ने जकार्ता इस्लामिक सेंटर मस्जिद में आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर काम करने वाले ठेकेदारों से पूछताछ की है। इस्लामिक सेंटर परिसर में मस्जिद के अलावा वाणिज्यिक, अनुसंधान और शैक्षिक सुविधाएं शामिल हैं। बता दें की, मस्जिद के गुंबद में आखिरी बार लगभग 20 साल पहले मरम्मत के दौरान आग लग गई थी, अक्टूबर 2002 की आग को बुझाने में पांच घंटे लग गए थे।