कोरोना वायरस महामारी के चलते लगे प्रतिबंध के बाद आखिरकार भारत से निर्धारित इंटरनेशनल फ्लाइट फिर से शुरू होने जा रहीं हैं। भारत में 15 दिसंबर से नियमित रूप से इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू हो जाएगी। ‘द्विपक्षीय ‘एयर बबल‘ एग्रीमेंट के तहत कई देशों में फिर से फ्लाइट शुरू की जाएंगी। भारत में फिलहाल ऐसे 25 एग्रीमेंट हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा “जोखिम में” (at risk) के रूप में मान्यता प्राप्त देशों के आधार पर अलग-अलग क्षमता प्रतिबंधों के साथ देशों को तीन श्रेणियों में विभाजित करते हुए नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। जो देश जोखिम वाली कैटेगरी में हैं, उनमें कोरोना से पहले उड़ान भरने वाली हवाई सेवा का 75% परिचालन होगा या हर हफ्ते 7 उड़ान से कम बहाल हो सकेंगी। जोखिम श्रेणी वाले 14 देश हैं। इनमें ब्रिटेन समेत यूरोप, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे, सिंगापुर, हांगकांग औऱ इजरायल शामिल हैं।
बता दें की कोविड -19 महामारी के कारण पिछले साल 23 मार्च से भारत में अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें निलंबित हैं। हालांकि, 31 देशों के साथ गठित एयर बबल व्यवस्था के तहत पिछले साल जुलाई से विशेष अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर फ्लाइट्स ऑपरेट हो रही हैं।










































