रूसी हमलों के बीच यूक्रेन इस समय लाशों से पटा हुआ है। वहां के खूबसूरत शहर खंडहर से डरा रहे हैं। चीख-पुकार और मौतों से निकला सन्नाटा किसी को भी डराने के लिए काफी है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ग्रैमी अवार्ड सेरेमनी के मंच से जो भावुक अपील की है, वह किसी को भी रुला देगी।
आज यानी सोमवार को ग्रैमी अवॉर्ड 2022 का आयोजन किया गया। यह समारोह भारतीय समयानुसार लॉस वेगास में सुबह 5.30 बजे हुआ। इस समारोह में संगीत की दुनिया के कई लोगों को सम्मानित किया गया। लेकिन इस इवेंट में कुछ ऐसा भी हुआ, जिसने सबको हैरान कर दिया। इस अवॉर्ड शो में यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की का एक वीडियो संदेश दिखाया गया, जिसमें उन्होंने यूक्रेन के लिए मदद की मांग की है और सभी से अपने संगीत के जरिए यूक्रेन के लोगों की कहानी को दिखाने की बात की।
वह बोलते हैं, युद्ध… म्यूजिक का अपोजिट और क्या हो सकता है। हमारे बच्चे गिरते रॉकेट की ड्राइंग बना रहे हैं न कि टूटते तारे की। 400 बच्चे घायल हैं और 153 मारे जा चुके हैं, और हम उन्हें कभी ड्राइंग बनाते नहीं देख पाएंगे। हमारे पेरेंट्स सुबह बम शेल्टर में जागकर खुश हैं क्योंकि जिंदा हैं। हमारे प्रियजन नहीं जानते कि कभी दोबारा मिल पाएंगे या नहीं। युद्ध हमें नहीं चुनने देता कि कौन बचेगा या कौन हमेशा के लिए खामोश हो जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस युद्ध का सच मीडिया, सोशल मीडिया और टीवी जैसे भी हो सब तक पहुंचाएं। जैसे हो सके हमें सपोर्ट करें लेकिन चुप न रहें।
वीडियो संदेश में जेलेंस्की ने कहा, ‘हमारे म्यूजिशियन टस्कीडो की जगह बॉडी आर्मर (सैनिकों की पोषाक) पहनते हैं। वह अस्पताल में भर्ती लोगों के लिए गाने गा रहे हैं। वह कुछ ऐसे लोगों के लिए गाने गाते हैं, जो उन्हें कभी सुन भी नहीं सकते हैं। म्यूजिक के विपरित क्या है? बर्बाद शहरों की खामोशी और मरे हुए लोग। हमारे चाहने वाले नहीं जानते कि हम फिर से मिलेंगे या नहीं मिलेंगे। युद्ध हमें ये नहीं चुनने देता कि कौन बचेगा और कौन मौन हो जाएगा।’