प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने जापान में अपने जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा (Fumio Kishida) से मुलाकात की और पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे (Shinzo Abe) के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर विचारों का उपयोगी आदान-प्रदान हुआ। उन्होंने कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की।
दोनों नेताओं ने भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने, और इस क्षेत्र में और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय समूहों और संस्थानों में एक साथ काम करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री किशिदा के साथ सार्थक बैठक हुई। हमने विभिन्न द्विपक्षीय विषयों पर चर्चा की। मैंने पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के दुखद निधन पर शोक व्यक्त किया।”
प्रधानमंत्री ने भारत-जापान साझेदारी को मजबूत करने के साथ-साथ एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के दृष्टिकोण की अवधारणा में दिवंगत प्रधानमंत्री आबे के योगदान को नोट किया। मोदी ने कहा, “दुख की इस घड़ी में आज हम मिल रहे हैं। पिछली बार जब मैं आया था तो मेरी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ लंबी बातचीत हुई थी। भारत शिंजो आबे को याद कर रहा है और उन्हें और जापान को याद कर रहा है।”









































