भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति को आगे बढ़ाते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) बुद्ध जयंती (Buddha Jayanti) के अवसर पर भगवान बुद्ध की जन्मस्थली नेपाल के लुंबिनी पहुंचे। लुंबिनी पहुंचने पर नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा (Sher Bahadur Deuba) ने उनका स्वागत किया। 2014 के बाद से प्रधानमंत्री की यह पांचवीं नेपाल यात्रा है। लुंबिनी पहुंचे पीएम मोदी ने सबसे पहले मायादेवी (Mayadevi) के दर्शन किए। इस दौरान पीएम मोदी के साथ नेपाल के प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी मौजूद रहीं।
एक दिवसीय दौरे पर नेपाल पहुंचे पीएम मोदी ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “नेपाल में उतर चूका हूँ। बुद्ध पूर्णिमा के विशेष अवसर पर नेपाल के अद्भुत लोगों के बीच आकर खुशी हुई। लुंबिनी में कार्यक्रमों की प्रतीक्षा कर रहा हूँ।”
प्रधानमंत्री नेपाल सरकार के तत्वावधान में लुंबिनी डेवलपमेंट ट्रस्ट (Lumbini Development Trust) द्वारा आयोजित बुद्ध जयंती कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह नेपाली पीएम शेर बहादुर देउबा और अन्य अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वो बौद्ध संस्कृति और विरासत के लिए केंद्र के निर्माण के लिए “शिलान्यास” समारोह में भाग लेंगे।









































