इंडोनेशिया (Indonesia) के मुख्य द्वीप जावा (Java) में तेज भूकंप (Earthquake) के झटके महसूस किए गए है। 5.6 तीव्रता से आए इस भूकंप में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 300 अन्य घायल हो गए। भूकंप का केंद्र पश्चिमी जावा शहर सियांजुर (Cianjur) के पास स्थित था।
इन भूकंप के झटकों के बाद इमारतों को कथित तौर पर नुकसान पहुंचा है। भूकंप से राजधानी जकार्ता तक ऊंची इमारतें हिल गईं। हालांकि, इसके कारण सुनामी आने की कोई संभावना नहीं जताई गई है। इस भूकंप में हताहत लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्यादातर को इमारतों में फंसने के कारण फ्रैक्चर हुआ है। हताहतों की संख्या बढ़ भी सकती है।
इससे पहले पश्चिम इंडोनेशिया में शुक्रवार रात जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसके बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर दौड़ पड़े थे। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.6 थी। राहत की बात यह थी कि इस दौरान किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं आई।