ऐसा कहा जाता है की एक औरत की ज़िन्दगी तभी संपूर्ण होती है जब वो मां बनती है। मां बनने का एहसास बहुत ही खूबसूरत होता है। ये सुख, उसका एहसास सभी रिश्तों से अलग होता है। मां बनना अपने आप में ही सौभाग्य की बात होती है और ये सौभाग्य महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों को भी नसीब हो सकती है। ऐसा मानना है मशहूर फैशन ब्रांड केल्विन क्लेन (Calvin Klein) का। दरअसल, केल्विन क्लेन ने अपने नए ऐड कैंपेन में प्रेग्नेंट ट्रांसजेंडर पुरुष (Pregnant Transgender Man) को दिखाया है। ये तस्वीर सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही है।
केल्विन क्लेन ने मदर्स डे पर एक अनोखा कैंपेन शुरू किया है। मातृत्व के हर रूप को सपोर्ट करते हुए इस ब्रैंड ने एक ट्रांसमैन रॉबर्टो बेते (Roberto Bete) को प्रेग्नेंट दिखाया है। इसमें उनके साथ उनकी पार्टनर एरिका फर्नांडीस (Erika Fernandes) भी नजर आईं हैं। रॉबर्टो इस पोस्ट में अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करते नज़र आ रहे हैं। इस पोस्ट को शेयर करते हुए केल्विन क्लेन ने कैप्शन लिखा, “आज, पूरी दुनिया में महिलाओं और माताओं के समर्थन में, हम नए परिवारों की वास्तविकताओं के बारे में बता रहे हैं। ब्राजील के एरिका फर्नांडीस और रॉबर्टो बेते माता-पिता बनने जा रहे हैं। रॉबर्टो किसी भी दिन अपने और एरिका के बेटे नोआह को जन्म देने वाले हैं।”
रॉबर्टो बेते ब्राजील के प्रेग्नेंट ट्रांस मैन हैं जो कि एक रियाल्टी टीवी स्टार भी हैं। ये ऐड सामने आने के कुछ दिन बाद रॉबर्टो ने अपने और एरिका के बेटे नोआह (Noah) को जन्म दिया। लेकिन अब सवाल ये उठता है की क्या कोई पुरुष भी प्रेग्नेंट हो सकते हैं ?
प्रेग्नेंसी के लिए आमतौर पर चार चीजों की जरूरत होती है। स्पर्म, एग, यूट्रस और कुछ हॉर्मोन्स। नेचुरल प्रोसेस में जब मेल के स्पर्म, फीमेल की ओवरी से रिलीज एग से फर्टिलाइज होते हैं तब उसके बाद ये एग महिला के यूट्रस में चले जाते हैं। और इसके साथ ही प्रग्नेंसी की शुरुआत होती है। आमतौर पर, लोग जन्म के साथ ही या तो पुरुष होते हैं या फिर महिला, लेकिन कुछ लोग जन्म के समय महिला और बाद में पुरुष बन जाते हैं, ऐसे लोगों को ट्रांसमैन बोला जाता है। ऐसे लोग प्रेग्नेंट हो सकते हैं, क्योंकि उनके पास ओवरी और यूट्रस होती है। ऐसे में इन विट्रो फर्टिलाइजेशन यानी IVF की मदद से एग और स्पर्म को लैब में फर्टिलाइज कराया जाता है और फिर उसे यूट्रस में ट्रांसप्लांट कर दिया जाता है।
मातृत्व को सराहने वाला केल्विन क्लेन का ये ऐड रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसे लेकर कुछ लोग केल्विन क्लेन की तारीफ कर रहे हैं। तो वहीं कुछ लोग इसे जमकर ट्रोल और बॉयकॉट भी कर रहे हैं। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। एक यूजर ने इस कपल की तस्वीर साझा करते हुए कहा, “आपको छोड़ने का समय आ गया है, केल्विन क्लेन।” वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, “मैं अपना और पैसा ‘वोक’ कंपनी केल्विन क्लेन के लिए खर्च नहीं करूंगा। आप सब क्या सोचते हैं?” एक यूजर ने तारीफ करते हुए लिखा, “ट्रांस फादरहुड को उजागर करते हुए इस खूबसूरत केल्विन क्लेन फोटोशूट को देखा। 3 मई को, अपनी टॉप सर्जरी की तारीख से तीन साल बाद, रॉबर्टो ने नोआह नाम के एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।”
मां बनना एक मुश्किल डगर है, और इस डगर को पार करना ही एक खूबसूरत फीलिंग है। पर क्या पुरुष भी नेचुरल तरीके से प्रेग्नेंट हो सकते हैं, इसको लेकर काफी रिसर्च चल रही है और जल्द ही पॉजिटिव रिजल्ट मिल सकता है।