कोविड-19 महामारी की तीसरी लहर और विधानसभा चुनावों के बीच आज बजट पेश होने जा रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) संसद में आम बजट-2022-23 पेश कर रही हैं। इस बजट से अगले 25 सालों की बुनियाद रखी जाएगी। यह आम बजट आने वाले वित्तीय वर्ष में सरकार की आर्थिक नीतियों की दिशा तय करेगा।
बजट की मुख्य बातें
- 2022-23 में पीएम आवास योजना के तहत 80 लाख मकान बनाए जाएंगे। इनके लिए 48 हजार करोड़ का फंड रखा गया है।
- तकनीक का इस्तेमाल खेती में भी होगा। किसान ड्रोन का इस्तेमाल होगा। इससे फसल मूल्यांकन, भूमि अभिलेख, कीटनाशकों का छिड़काव किया जाएगा।
- आर्गेनिक खेती को बढ़ावा दिया जायेगा। राज्यों सरकारों को प्रोत्साहित किया जाएगा कि वे अपने सिलेबस मे फॉर्मिंग कोर्स को जोड़ें। MSME को मजबूत करने के लिए नई योजनाएं शुरू होंगी। 5 साल में 6000 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। उदयम, ई-श्रम, NCS और असीम पोर्टल आपस में जुड़ेंगे।
- बैटरी अदला-बदली नीति लाई जाएगी।
- गंगा नदी के किनारे 5 किमी चौड़े गलियारों में किसानों की जमीन पर फोकस के साथ पूरे देश में रासायनिक मुक्त प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।
- PM गति शक्ति मास्टर प्लान के तहत एक्सप्रेसवे बनेंगे। नेशनल हाईवे नेटवर्क 25 हजार किमी तक बढ़ाया जाएगा।
- सभी डाकखाने कोर बैंकिंग सिस्टम से जुड़ेंगे। 1.5 लाख पोस्ट ऑफिस ऑनलाइन सिस्टम से जोड़े जाएंगे।
- पूर्वोत्तर के विकास के लिए 1500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और योजनाएं लांच होगी। इससे वहां के लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा।
- E-passports 2022-23 से जारी किए जाएंगे। इससे नागरिकों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी।
- कोरोना काल में पढ़ाई का काफी नुकसान हुआ। पीएम ई-विद्या के तहत ऐसे बच्चों के लिए एक क्लास-एक टीवी चैनल प्रोग्राम के तहत अब चैनल 12 से बढ़ाकर 200 कर दिए जाएंगे। 2 लाख आंगनबाड़ी का विस्तार किया जाएगा।
- डिजिटल विश्वविद्यालय की स्थापना होगी। इसमें देश की सभी अच्छी यूनिवर्सिटी के नेटवर्क को जोड़ा जाएगा।
- अगले तीन सालों में 400 नई वंदेभारत ट्रेनें तैयार की जाएंगी। 100 प्रधानमंत्री गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल भी इस दौरान डेवलप किए जाएंगे। इसके साथ ही 8 नई रोपवे का निर्माण होगा।
- आत्मनिर्भर भारत से 16 लाख युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी। इसके साथ ही मेक इन इंडिया के तहत 60 लाख रोजगार के मौके मिलेंगे।
- एयर इंडिया का विनिवेश पूरा हो गया है और LIC का IPO अब जल्द ही आएगा।
- केन-बेतवा रिवर लिंकिंग प्रोजेक्ट पर काम शुरू होगा। केन-बेतवा रिवर लिंकिंग के लिए 1400 करोड़ रुपये की रकम तय की गई है। इसके साथ ही फल, सब्जी के किसानों के लिए पैकेज लाएंगे।
- आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना को मार्च 2023 तक बढ़ाया जाएगा और 5 लाख करोड़ रुपये की राशि को कवर करने के लिए गारंटीकृत कवर को 50,000 करोड़ रुपये तक बढ़ाया जाएगा।