पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार है, जिसके सीएम भगवंत मान हैं। आप पार्टी को पंजाब में सरकार बनाये अभी लगभग साढ़े तीन महीने हुए हैं। और इतने कम समय में ही कैबिनेट विस्तार कर सरकार ने मंत्रियों के विभागों को बदल दिया है। मंगलवार, 5 जुलाई को नए मंत्रियों को विभाग सौंपे गए हैं। विभाग के इस बटवारे में हरजोत बैंस को शिक्षा मंत्रालय और कुलदीप धालीवाल को कृषि मंत्रालय देकर प्रमोशन की गई है।
वहीं, पंजाब के बरनाला से विधायक गुरमीत मीत हेयर से उनकी स्कूली शिक्षा वापस ले ली गई। गुरमीत के साथ साथ वित्तमंत्री हरपाल चीमा से भी सहकारिता विभाग वापस लेकर सीएम भगवंत मान ने अपने पास रख लिया है। और गुरमीत सिंह मीत हेयर से स्कूली शिक्षा वापस लेकर हरजोत बैंस को दी गई है।
आपको बता दें कि, राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने सोमवार, 4 जुलाई को अमन अरोड़ा, इंद्रबीर सिंह निज्जर, चेतन सिंह जौरामाजरा, फौजा सिंह सारारी और अनमोल गगन मान को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस बार विधानसभा चुनाव जित दर्ज करने के बाद भगवंत मान के कैबिनेट का यह पहला कैबिनेट विस्तार था।
इसके साथ ही, चेतन सिंह जोड़ामाजरा पंजाब के नए स्वास्थ्य मंत्री बन गए हैं। जबकि डा. इंदरबीर निज्जर स्थानीय निकाय विभाग की जिम्मेदारी देखेंगे। पंजाब सरकार ने नए बने मंत्रियों को विभाग बाँटने के साथ ही सीनियर मंत्रियों के विभागों में भी फेर बदल की है। जिसमें हरपाल चीमा, गुरमीत सिंह मीत हेयर, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत भुल्लर, ब्रह्म शंकर जिंपा और हरजोत बैंस शामिल हैं।
पहले पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार में पहले 10 मंत्री बनाए गए थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान को मिलाकर इनकी गिनती 11 थी। पुराने 10 मंत्रियों में से डॉ. विजय सिंगला को करप्शन केस में कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद सीएम समेत 10 मंत्री रह गए थे। लेकिन मंगलवार को हुए मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद अब CM समेत मंत्रियों की गिनती 15 हो गई है। और मीडिया से मिल रही जानकारी के मुताबिक अभी 3 मंत्री और बनाए जा सकते हैं।