Home National छत्तीसगढ़ एनकाउंटर : जानिए कौन है हिडमा, माना जा रहा है हमले...

छत्तीसगढ़ एनकाउंटर : जानिए कौन है हिडमा, माना जा रहा है हमले का मास्टरमाइंड

CG

शनिवार को छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद 22 जवान शहीद हो गए। इसी के साथ इस दौरान 31 जवान घायल हुए। सुरक्षाबलों ने सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर ऑपरेशन शुरु किया था जिसमें घंटों तक चली गोलीबारी में यह जवान शहीद हुए। दरअसल इस अभियान को शुरु करने के पीछे एक खुफिया जानकारी थी। जिसमें सुरक्षाबलों को इनपुट मिला था कि वांछित नक्सली नेता हिडमा छत्तीसगढ़ के जंगलों में छिपा हुआ है। माना जा रहा है कि शनिवार को हुए हमले का मास्टरमाइंड भी हिडमा ही है।

रिपोर्टस के अनुसार जहां अभियान चलाया जा रहा था वहां पहले से ही नक्सलियों का समूह इंतजार कर रहा था। जिसके बाद जैसे ही सुरक्षाबल वहां पहुंचे तो उन पर गोलीबारी शुरु कर दी गयी। फिलहाल अब लोगों के जहन में एक बात जो सामने आ रही है वह यह है कि आखिर हिडमा है कौन। आपको बता दें कि हिडमा की उम्र 40 वर्ष के आसपास है। वह सुकमा जिले के पुवर्ती गांव का आदिवासी है। वह 90 के दशक में ही नक्सली बना था। इसी के साथ वह पीपल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGa) की बटालियन नंबर 1 का मुखिया है। हिडमा को उसके भयंकर और घातक हमलों के लिए जाना जाता है। वह तकरीबन 180 से 250 नक्सलियों के समूह का सरगना है जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं।

हिडमा की हाल ही की कोई भी तस्वीर फिलहाल उपलब्ध नहीं है। बात अगर हिडमा की दहशत की हो तो वह इतना कुख्यात है कि उसके सिर पर 40 लाख का इनाम रखा गया है। एनआईए ने भी हिडमा के खिलाफ मांडवी मार्डर केस में चार्जशीट फाइल की है। भीमा मांडवी के बीजेपी विधायक थे और अप्रैल 2019 में दंतेवाड़ा में उन पर हमला हुआ था। इस घटना में वह, उनका ड्राइवर औऱ तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। रिपोर्टस बताती है कि शनिवार को भी PLGa बटालियन अपने कमांडर हिडमा के नेतृत्व में ही काम कर रही थीं। ज्ञात हो कि बीते साल भी नक्सलियों ने सुकमा के मिनापा में ऐसा है हमला किया था जिसमें 17 जवान शहीद हुए थे।

Exit mobile version