जस्टिस विपिन सांघी (Vipin Sanghi) को दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। ये नियुक्ति भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ramnath Kovind) ने की। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति धीरूभाई नारनभाई पटेल (Justice Dhirubhai Naranbhai Patel) के रिटायर होने के बाद सांघी 13 मार्च से कार्यभार संभालेंगे।
कानून और न्याय मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में लिखा गया, “भारत के संविधान के अनुच्छेद 223 द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए, राष्ट्रपति ने दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति विपिन सांघी को दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय के कर्तव्यों का पालन करने के लिए नियुक्त करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है, जो की दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति धीरूभाई नारनभाई पटेल की सेवानिवृत्ति के परिणामस्वरूप 13 मार्च 2022 से प्रभावी होगी।”
जस्टिस सांघी का जन्म 27 अक्टूबर 1961 को नागपुर में हुआ था। बाद में वे 1965 में अपने परिवार के साथ दिल्ली चले गए। उन्होंने 1983 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.एससी गणित (ऑनर्स) में स्नातक किया और इसके बाद लॉ फैकल्टी, कैंपस लॉ सेंटर, दिल्ली विश्वविद्यालय में एलएलबी पाठ्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने 1986 में कानून का पाठ्यक्रम पूरा किया और उसी वर्ष दिल्ली के बार काउंसिल में एक वकील के रूप में नामांकित हुए। 1990-91 के दौरान सांघी को केंद्र सरकार के पैनल एडवोकेट के रूप में नियुक्त किया गया था।