प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तराखंड चुनाव के सिलसिले में अल्मोड़ा जिले में आयोजित एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए नजर आये। जहां उन्होंने कहा है कि यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी से ज़्यादा जनता लड़ रही है, हमारी महिलाओं और नौजवानों ने हमें जिताने के लिए कमर कस ली है।’ सिमकेणी मैदान में हुई जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश में कल का जो मतदान हुआ है, मैं कह सकता हूँ कि भारतीय जनता पार्टी पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी। उत्तराखंड के लोग जानते हैं कि सिर्फ़ भारतीय जनता पार्टी इस दशक को उत्तराखंड का उज्ज्वल दशक बना सकती है।’
भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जनता से वोट की अपील करने के लिए लगातार दूसरे दिन देवभूमि पहुंचे पीएम मोदी ने यह भी कहा कि ‘भाजपा का संकल्प है कि जितनी ऊंचाई उत्तराखंड के पहाड़ों की है, उतनी ही ऊँचाई तक उत्तराखंड के विकास को लेकर जाना है।’ अल्मोड़ा की रैली में भी कांग्रेस को निशाना बनाते हुए मोदी ने कहा कि विरोधियों का नारा ‘सबमें डालो फूट और मिल कर करो लूट’ रहा है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान इस नारे को जनता से भी कहलवाया। मोदी ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि मतदाता कभी अच्छे कामों को भूलते नहीं हैं। अच्छे इरादों और नेक नीयत वालों का साथ छोड़ते नहीं हैं। इस चुनाव को भाजपा से ज्यादा जनता-जर्नादन लड़ रही है इसलिए एक बार फिर डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड में आना तय है। मोदी ने आगे अपने जनसभा में कहा कि, ‘उत्तराखंड विकास के शिखर की तरफ बढ़ चला है। उसे नई पहचान मिल रही है। भाजपा ने अपना जो संकल्प पत्र जारी किया है, वो भी विकास की नई ऊर्जा से भरा हुआ है।’









































