Home National सुर साम्राज्ञी के सम्मान में एक घंटे तक स्थगित रही राज्यसभा

सुर साम्राज्ञी के सम्मान में एक घंटे तक स्थगित रही राज्यसभा

सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) के सम्मान में 7 फरवरी को राज्यसभा (Rajya Sabha) की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित की गई। 10 बजे राज्यसभा में सभापति एम वेंकैया नायडू (M Venkaiah Naidu) द्वारा शोक संदेश पढ़ने के बाद सदन एक घंटे के लिए स्थगित रही। राज्यसभा सदस्यों ने एक मिनट का मौन भी रखा और इस महान गायक को श्रद्धांजलि दी। लोकसभा में भी शाम चार बजे सदन की बैठक शुरू होने के तुरंत बाद अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla) शोक संदेश पढ़ेंगे और कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित की जाएगी।

एम वेंकैया नायडू ने आज सदन की कार्यवाही शुरू करने से पहले दिवंगत गायिका लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “लता मंगेशकर के निधन से, देश ने भारतीय संगीत और फिल्म उद्योग की दुनिया में एक महान पार्श्व गायिका, एक दयालु इंसान और एक महान व्यक्तित्व खो दिया है। उनका निधन एक युग के अंत का प्रतीक है और संगीत की दुनिया में एक अपूरणीय शून्य पैदा कर दिया है।”

लता मंगेशकर 22 नवंबर 1999 से 21 नवंबर 2005 तक राज्यसभा की मनोनीत सदस्य रहीं। लता मंगेशकर का रविवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। मंगेशकर का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। लताजी ने अपने सात दशकों के करियर में 25,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए। उनका गायन हमारे देश की तरह ही विविध रहा है। उन्होंने 36 भारतीय भाषाओं में और कुछ विदेशी में भी गाने रिकॉर्ड किए।

Join Telegram

Join Whatsapp

Exit mobile version