Home Economy बढ़ती महंगाई की गूंज अब संसद में भी, जमकर हुआ हंगामा

बढ़ती महंगाई की गूंज अब संसद में भी, जमकर हुआ हंगामा

देश में बढ़ती महंगाई की गूंज अब संसद में सुनाई दे रही है। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान राज्यसभा में जोरदार हंगामा हुआ। विपक्षी दलों के नेताओं ने पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की बढ़ी कीमतों को लेकर हंगामा किया। इसके चलते सदन की कार्रवाई को स्थगित भी किया गया।

बता दें कि बुधवार को लगातार दूसरे दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है। कांग्रेस के सांसदों ने एलपीजी सिलेंडर गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि को लेकर संसद में गांधी प्रतिमा के पास विरोध प्रदर्शन किया। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल और सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी होनी ही थी चुनाव को लेकर इसे रोका गया था। खड़गे ने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद कीमतें बढ़ा दी गई।

टीएमसी, शिवसेना और कांग्रेस ने ईंधन की बढ़ी कीमतों को लेकर चर्चा की मांग की थी। राज्यसभा के चेयरमैन वेंकैया नायडू ने विपक्षी सदस्यों की मांग को खारिज कर दिया था। इस वजह से राज्यसभा में हंगामा हुआ।

गौरतलब है कि लगातार दूसरे दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है। आज यानी बुधवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 80-80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले मंगलवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमत 80-80 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई गई थी। रसोई गैस की कीमत में भी 50 रुपये का इजाफा हुआ था।

Join Telegram

Join Whatsapp

Exit mobile version