संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह (Sharjah) से हैदराबाद (Hyderabad) जाने वाली इंडिगो (IndiGo) की एक फ्लाइट को पाकिस्तान के कराची (Karachi) में मोड़ लिया गया है क्योंकि पायलट ने विमान में “तकनीकी खराबी” (Technical Defect) की सूचना दी थी। एयरलाइन कथित तौर पर यात्रियों को वापस लाने के लिए एक और विमान कराची भेजने की योजना बना रही है।
इंडिगो ने एक बयान में कहा, “शारजाह से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-1406 को कराची डायवर्ट कर दिया गया। पायलट ने तकनीकी खराबी देखी। आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया गया और एहतियात के तौर पर विमान को कराची की ओर मोड़ दिया गया।”
पिछले दो हफ्तों में कराची में लैंडिंग करने वाली यह दूसरी भारतीय एयरलाइन है। इस महीने की शुरुआत में, एक स्पाइसजेट विमान, जो दिल्ली से उड़ान भरकर दुबई जा रहा था, कराची में लगभग 150 यात्रियों के साथ उतरा। इसके सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, इस घटना ने विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) का ध्यान आकर्षित किया, जिसने मामले की जांच शुरू की।










































