m-vankaiya-naidu

देश के उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू (M Venkaiah Naidu) तीन दिन तक यूपी में रहेंगे। इस दौरान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू शुक्रवार को स्पेशल ट्रेन से राम नगरी अयोध्या पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी एम ऊषा नायडू भी थीं। उपराष्ट्रपति का रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद वह रामलला के दर्शन-पूजन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उत्तर प्रदेश के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या भी मौजूद रहे।

यहां पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने श्रीरामलला का दर्शन-पूजन किया फिर प्रजेंटेशन के माध्यम से मंदिर निर्माण की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण से जुड़े हर पक्ष को गौर से देखा और खुश नजर आए। अयोध्या में संतों ने उप राष्ट्रपति का स्वागत किया। राम लला के मंदिर में उन्होंने पूरे विधि विधान के साथ पूजा की। इसके बाद उप राष्ट्रपति ने हनुमान गढ़ी पहुंच कर भगवान बजरंग बली का दर्शन पूजन किया।

हनुमानगढ़ी दर्शन पूजन के बाद उपराष्ट्रपति का काफिला सीधे सरयू तट पहुंचा, जहां उन्होंने मां सरयू की पूजा-अर्चना के बाद आरती उतारी। अयोध्या में उपराष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए रामनगरी में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। पुलिस कर्मियों एवं पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। सुबह सात बजे से यातायात डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है। अयोध्या जंक्शन भी सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में था।

Join Telegram

Whatsapp