उत्तराखंड वन विभाग (Uttarakhand Forest Department) के शोधकर्ताओं द्वारा पहली बार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक दुर्लभ मांसाहारी पौधों (Carnivorous Plant) की प्रजाति यूट्रिकुलेरिया फुरसेलटा (Utricularia furcellata) की खोज की गई है। इसे चमोली जिले (Chamoli District) के मंडल घाटी (Mandal Valley) में खोजा गया है। वन विभाग के अनुसार यह एक अत्यधिक दुर्लभ खोज है। यह पौधा मच्छरों और कई अन्य प्रकार के छोटे कीड़ों को खा जाता है।
इस खोज को द जर्नल ऑफ जापानी बॉटनी (The Journal of Japanese Botany) में भी प्रकाशित किया गया है, जिसे इस क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में से एक माना जाता है। यह उत्तराखंड वन विभाग द्वारा इस पत्रिका में इस तरह का पहला प्रकाशन है। द जर्नल ऑफ़ जापानी बॉटनी एक 106 साल पुरानी जर्नल है जो प्लांट टैक्सोनॉमी और बॉटनी पर आधारित है।
उत्तराखंड वन विभाग की रिसर्च विंग की एक टीम, जिसमें रेंज ऑफिसर हरीश नेगी और जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) मनोज सिंह शामिल थे, ने सितंबर 2021 में मंडल घाटी में इस यूट्रीकुलरिया फुरसेलटा की खोज की। इस खोज ने इसके डिस्ट्रीब्यूशन की सीमा को पश्चिम की ओर बढ़ा दिया है। हालांकि, पर्यटन स्थल पर होने के कारण भारी जैविक दबाव के कारण प्रजातियों को खतरे का सामना करना पड़ता है।