साउथ अफ्रीका के मिस्टर 360 डिग्री एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) की शानदार पारी का आज अंत हो गया है। दरअसल, दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्म से संन्यास ले लिया है। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीतने वाले डिविलियर्स आईपीएल 2022 का भी हिस्सा नहीं रहेंगे।
एबी डिविलियर्स ने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास का ऐलान किया, जिसके साथ उन्होंने अपनी एक तस्वीर भी शेयर की। उन्होंने कैप्शन लिखा, “यह एक अविश्वसनीय यात्रा रही है, लेकिन मैंने सभी क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। अपने घर के पीछे बड़े भाइयों के साथ खेलना शुरू किया था और तब से लेकर आज तक मैंने इस खेल का खूब लुत्फ उठाया। अब 37 साल की उम्र में वह लौ उतनी तेज नहीं जलती।” उनके इस फोटो में हिंदी में भी धन्यवाद लिखा हुआ है।
इसके साथ ही उन्होंने अपनी टीम Royal Challengers Bangalore (RCB) के लिए एक मैसेज शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा, ‘मैं जीवन भर के लिए RCBian रहूँगा। RCB के सेट-अप में हर एक व्यक्ति मेरे लिए परिवार बन गया है। लोग आते हैं और चले जाते हैं, लेकिन RCB में एक-दूसरे के लिए जो भावना और प्यार है, वह हमेशा बना रहेगा। मैं अब आधा भारतीय हो गया हूं और मुझे इस पर गर्व है।”
डिविलियर्स की गिनती ऑल टाइम बेस्ट बल्लेबाजों में होती है। उन्होंने 114 टेस्ट, 228 वनडे और 78 टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है। उन्होंने अपने पूरे टी20 करियर में 9424 रन बनाए। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके बल्ले से 47 शतक निकले। डिविलियर्स वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 50, 100 और 150 रन जड़ने वाले खिलाड़ी हैं।












































