टेनिस खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। विंबलडन (Wimbledon) ने घोषणा की कि चैंपियनशिप 2022 के लिए कुल पुरस्कार राशि इस साल के आयोजन में तीन साल में पहली बार रिकॉर्ड 40.3 मिलियन पाउंड (करीब 393 करोड़ रुपये) होगी। इस बार पुरुष एकल और महिला एकल में चैंपियन बनने वाले खिलाड़ियों को दो-दो मिलियन पाउंड (करीब 19.50 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे।
व्हीलचेयर और क्वाड व्हीलचेयर स्पर्धाओं के लिए पुरस्कार राशि में 40% की वृद्धि हुई है, साथ ही साथ टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा करने वाले खिलाड़ियों की संख्या दोगुनी हो गई है। क्वालीफाइंग प्रतियोगिता के पहले दौर से लेकर चैंपियंस को ताज पहनाए जाने तक, इस साल की पुरस्कार राशि वितरण का उद्देश्य यह दर्शाना है कि खिलाड़ी चैंपियनशिप के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं।
यह टूर्नामेंट साल 2020 में रद्द कर दिया गया था, जबकि 2021 कम दर्शकों के साथ आयोजित किया गया था। इस साल के विंबलडन में 2019 के बाद से तीन साल में पहली बार टूर्नामेंट में पूरी क्षमता से भीड़ देखने को मिलेगी। इस साल विंबलडन ओपन की शुरुआत 27 जून को होगी जो की 10 जुलाई तक चलेगी।












































