Home Sports MI के खिलाफ रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़कर हर्षल पटेल ने रचा...

MI के खिलाफ रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़कर हर्षल पटेल ने रचा इतिहास

Harshal Patel

इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का आगाज बेहद ही रोमांचक मैच के साथ हुआ है. आखिरी गेंद पर पहुंचे मुकाबले में मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस को आरसीबी के हाथों दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा. आईपीएल 2021 के पहले मुकाबले में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को दो विकेट से हराकर जीत के साथ अपने अभियान का की शुरुआत की.

आरसीबी की ओर से मध्यम गति के गेंदबाज हर्षल पटेल इस जीत के हीरो रहे. हर्षल ने अपने चार ओवर में 27 रन देकर पांच विकेट झटके. इसके साथ ही उन्होंने मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा का 12 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. मैच में पांच विकेट चटकाने वाले हर्षल पटेल मुंबई इंडियंस के खिलाफ किसी एक मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. इस से पहले ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था. रोहित ने साल 2009 के आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे. इस मैच में उन्होंने एक हैटट्रिक भी अपने नाम की थी.

जीत के बाद हर्षल पटेल ने कहा, “आरसीबी ने जब मुझे खरीदा तो बताया कि मैं उनकी योजना का हिस्सा हूं. मैं बहुत खुश हूं कि मैं उनके भरोसे पर खरा उतरा. मुझे पता नहीं था कि मैं मुंबई के खिलाफ पांच विकेट लेने वाला पहला गेंदबाज हूं. मैंने पहली बार पांच विकेट लिए और वह भी मुंबई के खिलाफ हासिल किये. इसलिए यह बेहद खास है.”

Exit mobile version