Home International भारत ने रचा इतिहास, पहली बार जीता थॉमस कप ट्रॉफी

भारत ने रचा इतिहास, पहली बार जीता थॉमस कप ट्रॉफी

खेल इतिहास में भारत ने एक बहुत ही बड़ा कारनामा किया है। दरअसल, भारत ने 73 साल में पहली बार प्रतिष्ठत बैडमिंटन थॉमस कप (Thomas Cup) का खिताब अपने नाम किया है। भारत ने थॉमस कप के फाइनल में 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को 3-0 से मात देते हुए इस खिताब पर कब्जा किया। भारत यह खिताब जीतने वाला छठा देश बन गया है। इससे पहले इंडोनेशिया, चीन, मलेशिया, डेनमार्क और जापान ने इस कप पर कब्ज़ा जमाया था।

लक्ष्य सेन (Lakshya Sen), किदांबी श्रीकांत (Kidambi Srikanth) और डबल्स खिलाड़ी चिराग शेट्टी (Chirag Shetty) और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी (Satwiksairaj Rankireddy) ने जीत दर्ज की। फाइनल के पहले मैच में लक्ष्‍य सेन ने जीत दिलाकर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। लक्ष्‍य ने एंथोनी सिनिसुका को 8- 21, 21- 17, 21- 16 से मात दी। भारत के इस सफर को सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने भी बरकरार रखा। इस भारतीय जोड़ी ने 18-21, 23-21, 21-19 से दूसरा मुकाबला जीतकर भारत को 2-0 से बढ़त दिला दी। दूसरे सिंगल्स में, किदांबी श्रीकांत ने एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जोनाथन क्रिस्टी (Jonatan Christie) को 48 मिनट में 21-15 23-21 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए देखा गया क्योंकि उन्होंने अपना नाम इतिहास की किताबों में दर्ज कर लिया था। भारत के कई दिग्गजों ने टीम इंडिया की इस जीत पर उन्हें बधाई दी। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के लिए ₹1 करोड़ के नकद इनाम की घोषणा की है।

Join Telegram

Join Whatsapp

Exit mobile version