टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympic) पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (Lovlina Borgohain) को असम में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के रूप में नियुक्त किया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने एक समारोह में लवलीना बोरगोहेन को नियुक्ति पत्र दिया। इस समारोह का आयोजन जनता भवन, दिसपुर में हुआ।
लवलीना को खेल के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए DSP नियुक्त किया गया। DSP पद से जुड़ते हुए लवलीना ने कहा, “यह दिन उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण और यादगार दिन रहेगा। असम पुलिस का DSP नियुक्त होने के बाद मैं खुद को धन्य महसूस कर रही हूं। मैं अपने राज्य असम और उसके नागरिकों की सेवा करने की पूरी कोशिश करुँगी। मैं असम में खेल की बेहतरी के लिए काम करुँगी।”
बॉक्सर लवलीना ने असम में खेल के इतिहास में एक नया अध्याय लिखते हुए टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। लवलीना ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली असमिया एथलीट हैं। असम के गोलाघाट जिले के छोटे से बरो मुखिया गांव के रहने वाले 23 वर्षीय बोरगोहेन ओलंपिक पोडियम पर जीत हासिल करने वाली तीसरी भारतीय मुक्केबाज हैं।