टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने यूजीन (Eugene) में प्रतिष्ठित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप (World Athletics Championships) में पुरुषों की भाला फेंक (Javelin Throw) फाइनल में रजत पदक जीता। नीरज ने अपने चौथे प्रयास में 88.13 मीटर की दूरी दर्ज की और दूसरा स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ ही नीरज ने इतिहास रच दिया है। चोपड़ा अब विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए हैं। इसके साथ ही इस प्रतियोगिता में नीरज रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। इससे पहले अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2003 में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
नीरज ने फाउल थ्रो के साथ गेम शुरू की, जिसके बाद 82.39 मीटर और 86.37 मीटर की दूरी तय की गई। अंत में चौथे प्रयास में उन्होंने 88.13 मीटर की दूरी दर्ज की, जिसने उन्हें रजत पदक के लिए दावेदारी में डाल दिया। नीरज के अंतिम दो प्रयास फाउल थ्रो में गए और इस प्रकार, वह दूसरे स्थान पर रहे।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (Anderson Peters) ने 90.54 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चेक गणराज्य के जाकुब वादलेज्च (Jakub Vadlejch) ने 88.09 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। दूसरी ओर, विश्व चैंपियनशिप में पदार्पण करने वाले रोहित यादव (Rohit Yadav) 78.72 मीटर, 78.05 मीटर और 77.95 मीटर के प्रयास के बाद 10वें स्थान पर रहे।