Rafael Nadal

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 (Australian Open 2022) में स्पेन के दिग्गज टेनिस स्टार राफेल नडाल (Rafael Nadal) ने इतिहास रच दिया है। दरअसल, उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में दानिल मेदवेदेव (Daniil Medvedev) को हराकर 21वां ग्रैंड स्लैम (21st Grand Slam title) अपने नाम किया। नडाल दूसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन बने हैं। नडाल इससे पहले 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन बने थे।

करीब साढ़े पांच घंटे तक चले मुकाबले में नडाल ने मेदवेदेव को 2-6, 6-7, 6-4, 6-4, 7-5 से हराया। नडाल ने अपने से 10 साल छोटे रूसी स्टार को पांच सेट तक चले इस मुकाबले में जोरदार टक्कर दी। इस टूर्नामेंट से कुछ ही हफ्ते पहले नडाल को सर्जरी से गुजरना पड़ा था और उनका टूर्नामेंट में हिस्सा लेना भी संदेह के दायरे में था, लेकिन नडाल ने इन सबको पीछे छोड़ा और साथ ही कई कड़े मुकाबले के बाद फाइनल में एंट्री की और इसे जीता।

इस जीत के साथ नडाल ने रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच को पीछे छोड़ दिया है। रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच के नाम 20 ग्रैंडस्लैम खिताब है। नडाल ने अपने करियर में रिकॉर्ड 13 बार फ्रेंच ओपन, 4 बार अमेरिकी ओपन और दो-दो बार विंबलडन और ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता है। नडाल इसके साथ ही चारों ग्रैंडस्लैम खिताब कम से कम दो बार जीतने वाले टेनिस इतिहास के चौथे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।

Join Telegram

Join Whatsapp