Home National 16 साल की तसनीम ने रचा इतिहास, बनी अंडर-19 में नंबर-1 रैंकिंग...

16 साल की तसनीम ने रचा इतिहास, बनी अंडर-19 में नंबर-1 रैंकिंग पाने वाली पहली भारतीय

युवा शटलर तसनीम मीर (Tasnim Mir) ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने वो कर दिखाया है, जो अब तक ओलंपिक मेडलिस्ट साइना नेहवाल और पीवी सिंधु ने भी नहीं किया है। दरअसल, तसनीम मीर अंडर-19 की वुमन्स सिंगल्स कैटेगरी में दुनिया की नंबर-1 रैंकिंग पाने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) की अपडेटेड रैंकिंग में 16 वर्षीय तसनीम को 10,810 अंकों के साथ लिस्ट में सबसे ऊपर हैं।

यह उपलब्धि पाने के बाद ख़ुशी जाहिर करते हुए तसनीम ने कहा, “मैं आज बहुत खुश हूं और मैं अपने रोल मॉडल पीवी सिंधु और साइना नेहवाल के नक्शेकदम पर चलने की कोशिश करने जा रही हूं। मैं अब इस पर ध्यान केंद्रित कर रही हूं कि सीनियर्स अब कैसे खेलते हैं और मैं उस स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की कोशिश कर रही हूं। मैं अगले ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतने की उम्मीद कर रही हूं।”

तसनीम ने 4 साल की उम्र में बैडमिंटन खेलना शुरू कर दिया था। पिता की आर्थिक तंगी के चलते उनका खेल बंद करवा दिया गया था, लेकिन स्पॉन्सर मिलने के बाद उनका खेल फिर से शुरू हो पाया। तसनीम ने चार जूनियर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट जीते हैं, जिनमें से तीन – बल्गेरियाई जूनियर चैम्पियनशिप, एल्प्स इंटरनेशनल और बेल्जियम जूनियर कमिंग इन 2021 शामिल है। उन्होंने एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में अंडर -15 और अंडर -17 खिताब भी जीते हैं।

Join Telegram

Join Whatsapp

Exit mobile version