कप्तानी को लेकर छिड़े विवाद के बीच टीम इंडिया टेस्ट और वनडे सीरीज खेलने के लिए साउथ अफ्रीका पहुंच गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मुंबई से जोहान्सबर्ग तक के पूरे सफर का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि टेस्ट कप्तान विराट कोहली सीनियर पेसर ईशांत शर्मा के साथ मजाक कर रहे हैं। कोहली ने ईशांत के बैग में झांक कर कुछ बोला, तो ईशांत यह कहते नजर आ रहे हैं कि सुबह- सुबह ये मत कर यार।
वीडियो में मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और मध्यम क्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर एक साथ हंस रहे हैं। वहीं चेतेश्वर पुजारा और अंजिक्य रहाणे भी काफी खुश नजर आ रहे हैं। वीडियो में अफ्रीका में पहुंचने पर भारतीय टीम का स्वागत भी नजर आ रहा है।
भारतीय टीम 16 दिसंबर को मुंबई से रवाना हुई थी और साउथ अफ्रीका के Gauteng पहुंची है। यहां टीम इंडिया रिजॉर्ट में पहुंची, जहां उनका स्पेशल वेलकम हुआ। रिजॉर्ट के स्टाफ ने अफ्रीका का रीजनल डांस किया और टीम इंडिया का वेलकम किया। इस दौरान श्रेयस अय्यर भी थिरकते हुए नज़र आए।
भारतीय टेस्ट टीम- विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, जयंत यादव, इशांत शर्मा , मोहम्मद शमी, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, प्रियांक पांचाल।
भारतीय क्रिकेट टीम को कड़े क्वारैंटाइन में नहीं रहना होगा। वहां पहुंचने के बाद विराट कोहली की अगुआई वाली टीम इंडिया सिर्फ एक दिन होटल में आइसोलेट होगी।
मैच के शेड्यूल
पहला टेस्ट: 26 से 30 दिसंबर, 2021 (सेंचूरियन)
दूसरा टेस्ट: 3 से 7 जनवरी, 2022 (जोहान्सबर्ग )
तीसरा टेस्ट: 11 से 15 जनवरी, 2022 (केप टाउन)
वनडे सीरीज
पहला वनडे: 19 जनवरी, 2022 (पार्ल)
दूसरा वनडे: 21 जनवरी, 2022 (पार्ल)
तीसरा वनडे: 23 जनवरी, 2022 (केप टाउन)