RAZIA SULTANA
RAZIA SULTANA

बिहार की एक बेटी रजिया सुल्तान ने इतिहास रच दिया है। 27 साल की रजिया ने न केवल 64वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा पास की है बल्कि वे डीएसपी पद के लिए चुनी गई हैं। वे अपने समुदाय से डीएसपी बनने वाली पहली महिला हैं। रजिया उन 40 उम्मीदवारों में से एक हैं जिनका चयन बिहार पुलिस में डीएसपी के पद पर हुआ है।

रजिया सुल्तान गोपालगंज जिले के हथुआ से ताल्लुक रखती हैं। वर्तमान में वह बिहार सरकार के बिजली विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने झारखंड के बोकारो से अपनी स्कूली शिक्षा हासिल की है क्योंकि उनके पिता मोहम्मद अस्लम अंसारी बोकारो स्टील प्लांट में स्टेनोग्राफर के पद पर पोस्टेड थे। 2016 में उनकी मौत हो गई। रजिया की मां अब भी बोकारो में रहती हैं।

सात भाई-बहनों में रजिया सबसे छोटी हैं। उनकी सभी बहनों की शादी हो चुकी है जबकि भाई उत्तर प्रदेश के झांसी से एमबीए करने के बाद निजी कंपनी में नौकरी करता है। बोकारो से स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद रजिया राज्स्थान के जोधपुर चली गई थीं। यहां से उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री ली।

रजिया ने कहा कि वह बचपन से ही लोक सेवा आयोग की परीक्षा देना चाहती थीं। डीएसपी के लिए चुना जाना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। वह 2017 में बिहार सरकार के बिजली विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के रूप में कार्य करने के बाद से ही बीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।