पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर स्थित पीपा पुल पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। सवारियों से भरी गाड़ी पुल से गुजरते वक़्त हादसे का शिकार हो गयी। दरअसल सवारियों से भरी ये गाड़ी पुल पुल से निचे नदी में गिर गयी। जिस वजह से गाड़ी में सवार 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे में इतने लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ” यह दुर्घटना काफी दुखद है और मैं इस घटना से मर्माहत हूं।”
सीएम नीतश ने मुआवजे का किया एलान
मुख्यमंत्री ने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये मुआवजे के रूप में देने का एलान किया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
बता दें कि शुक्रवार की सुबह दानापुर से 12 से अधिक सवारियों को लेकर दियारा के लिए निकली जीप बीच पीपा पुल पर हादसे का शिकार हो गई। जीप पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए गंगा नदी में समा गई. घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
हादसे में नौ लोगों की मौत
घटना स्थल पर मौके पर पहुंची पुलिस तुरंत जीप में सवार लोगों की तलाश में जुट गई। घटना के संबंध में पटना डीएम ने बताया कि जीप गंगा में लगभग सवा नौ बजे डूबी। घटना के बाद खोज शुरू हुई और 9 शवों को जीप से एसडीआरएफ के गहरे गोताखोरों द्वारा निकाला गया है। डीएम के अनुसार जीप पानी में लगभग 25 फीट नीचे चली गई थी। ऐसे में जीप को सतह पर लाया गया। एसडीआरएफ के गोताखोर सीटी ललन और एसआई अशोक यादव लोगों को ढूंढने में जुटे हुए हैं।
मिली जानकारी अनुसार जीप में सवार सभी अकिलपुर निवासी भारत सिंह के परिवार के सदस्य थे। मृतको में रमाकांत सिंह, पत्नी गीता देवी, अरविंद सिंह, उमाकांत सिंह की पत्नी, अनुरागो देवी, पोता-पोती, सरोज देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो पीपा पुल की जर्जर स्थिति की वजह से ये घटना हुई है। साथ ही ये भी बताया गया की जीप भी जर्जर हालत में थी।