बारिश, दिवाली, छठ के बाद बिहार में मौसम करवट बदल रहा है। मौसम के करवट बदलने से प्रदेश भर में ठंडक ऐहसास भी बढ़ता जा रहा है। जिस कारण राजधानी पटना समेत राज्य के अन्य जिलों के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इन दिनों पटना में रात के समय ठंड की स्थिति बढ़ रही है। वहीं, गया-मुजफ्फरपुर समेत 8 जिलों में भी सिरहन बढ़ गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में पांच दिन बाद तेजी से तापमान गिरने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार बिहार में पुरवा हवा के कारण अगले पांच दिनों तक मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। इस दौरान आसमान साफ रहेगा। हालांकि, पांच दिनों बाद पारे में तेजी से गिरावट आएगी, जिससे ठंड में बढ़ोतरी की संभावना है।
राजधानी समेत प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री व औसत न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। वहीं, गया जिले में रविवार को सबसे कम 15.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सूबे का सबसे ज्यादा तापमान वैशाली में रहा। यहां अधिकतम पारा 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के आठ जिलों में सिरहन बढ़ गई है। मुजफ्फरपुर, सीवान, सासाराम, औरंगाबाद, गया, समस्तीपुर, सहरसा, फारबिसगंज जैसे शहरों में रविवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, शेष जिलों के न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई।











































